Video Of Day

Breaking News

Coronavirus: 24 घंटे में रिकॉर्ड 55078 नए कोरोना मामले, 779 लोगों की गई जान

India Coronavirus Cases surpasses 1.6 millions mark Image Source : PTI

नई दिल्ली। एक तरफ देश में शनिवार से अनलॉक 3 लागू होने जा रहा है और दूसरी तरफ कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार फैलता ही जा रहा है। हर दिन कोरोना वायरस के नए मामलों में बढ़ोतरी ही हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों यानि गुरुवार सुबह 8 बजे से लेकर शुक्रवार सुबह 8 बजे तक देशभर में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 55078 नए मामले सामने आए हैं और इन मामलों के बाद अब देश में कुल कोरोना वायरस मामले बढ़कर 1638870 हो गए हैं।

सिर्फ कोरोना वायरस के नए मामले ही सामने नहीं आ रहे हैं बल्कि कोरोना वायरस की वजह से जान गंवाने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान देश में कोरोना वायरस की वजह से 779 लोगों की जान गई है। देश में अबतक यह जानलेवा वायरस कुल मिलाकर 35747 लोगों की मौत का कारण बन चुका है।

हालांकि राहत की बात ये है कि कोरोना वायरस से ठीक होने वाले लोगों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। पिछले 24 घंटे के दौरान देशभर में कोरोना वायरस से 37223 लोग पूरी तरह ठीक हुए हैं। अबतक देशभर में कुल मिलाकर 10,57,805 लोग कोरोना वायरस से पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। देश में कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों का आंकड़ा 5.45 लाख के ऊपर है।

कोरोना के मामलों की पहचान के लिए भारत में टेस्टिंग को लगातार बढ़ाया जा रहा है और टेस्टिंग रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार गुरुवार को देश में 6.42 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं। अबतक देश में कुल 1.88 करोड़ से ज्यादा टेस्ट हो चुके हैं।

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 1.74 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 6.76 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 1.09 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 46.34 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 1.55 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, इसके बाद ब्राजील में 26.13 लाख से ज्यादा केस सामने आए हैं और 91 हजार से ज्यादा की जान गई है। रूस में भी 8.26 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 13 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है।



from India TV Hindi: TopStory Feed https://ift.tt/33eJrsm
via IFTTT

No comments

COMMENT YOUR THOUGHT LET ME KNOW